हरियाणा सरकार सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में भी काम कर रही है. दरअसल, करनाल स्थित कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के फेज-2 विस्तार की योजना तैयार की गई है. करीब ₹570 करोड़ की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना के तहत अस्पताल में बेड क्षमता, ट्रॉमा केयर, सुपर-स्पेशलिटी सेवाओं और मेडिकल शिक्षा का विस्तार किया जाएगा.
505 नए बेड से बढ़ेगी इलाज की क्षमता: मेडिकल कॉलेज में फेज-2 के तहत 505 नए बेड जोड़े जाने की योजना है. इसके अलावा गंभीर दुर्घटनाओं और आपातकालीन मरीजों के लिए 90 बेड का विशेष ट्रॉमा सेंटर भी विकसित किया जाएगा. इससे सड़क दुर्घटनाओं समेत गंभीर मामलों में मरीजों को तत्काल और विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने की क्षमता बढ़ेगी.
एक छत के नीचे मिलेंगी सुपर-स्पेशलिटी सेवाएं: योजना के तहत अस्पताल में कई जटिल बीमारियों के इलाज की सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इनमें न्यूरोसर्जरी, कार्डियोलॉजी, कैथ लैब, कार्डियो सर्जरी, नेफ्रोलॉजी, बर्न वार्ड और मनोरोग सेवाएं प्रमुख हैं. इन सुविधाओं के शुरू होने से गंभीर रोगों के इलाज के लिए मरीजों को दूसरे बड़े शहरों की ओर जाने की जरूरत कम हो सकती है.
“जटिल सर्जरी की सुविधाएं होंगी उपलब्ध”: कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. एसके गर्ग ने संस्थान की विस्तार योजना की को लेकर कहा कि, “फेज-2 के तहत अस्पताल में अत्याधुनिक तकनीक और सभी प्रकार की जटिल सर्जिकल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है. विस्तार के बाद चिकित्सा सेवाओं के साथ संस्थान की क्षमता में भी बड़ा इजाफा होगा. मेडिकल कॉलेज के विस्तार से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी काम चल रहा है. वर्तमान में गर्ल्स हॉस्टल, बॉयज हॉस्टल और एनिमल हाउस का निर्माण अंतिम चरण में है. वहीं, मुख्य अस्पताल भवन का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू होने की योजना है. नए इंफ्रास्ट्रक्चर के तैयार होने से मेडिकल छात्रों और अस्पताल की सेवाओं दोनों को विस्तार मिलेगा.”
