हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने के लिए आगामी तीन महीनों में प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर 11 सदस्यीय समिति के गठन एवं पुनर्गठन का लक्ष्य निर्धारित किया है.
पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति सुनिश्चित होगी : इसके अलावा प्रत्येक बूथ पर पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी. संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी जिलों में प्रवास कर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे. इस दौरान रात्रि प्रवास भी किया जाएगा, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा समेत पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से संपर्क मजबूत हो सके. हरियाणा प्रभारी स्मृति ईरानी और सह-प्रभारी भोला सिंह के साथ गुरुवार को बैक-टू-बैक कई मीटिंगों के बाद यह जानकारी प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने दी. इस दौरान वह पंजाब की आप सरकार और कांग्रेस पार्टी पर भी जमकर बरसी. डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि पंजाब सरकार ने युवाओं के भविष्य को गर्त में धकेल दिया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी झूठ का प्रचार कर देश में अराजकता लाने का प्रयास कर रही है.
