हरियाणा में गुलाबी ठंड के बीच बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 29 अक्टूबर को 14 जिलों में तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं. बारिश के बाद दिन के तापमान में भी गिरावट आ सकती है.
29 अक्टूबर को 14 जिलों में यलो अलर्ट: मौसम विभाग के मुताबिक 29 अक्टूबर को भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद, गुरुग्राम, नारनौल, रेवाड़ी, पलवल, रोहतक और नूंह में मौसम खराब रहने की संभावना है. इन जिलों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश हो सकती है. विभाग ने इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया है.
24 घंटे में गिरा रात का तापमान: वहीं, प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान औसत न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. हालांकि, तापमान अभी सामान्य के आसपास बना हुआ है. साथ ही बालसमंद (हिसार) और फतेहाबाद में सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
सिरसा में सबसे ज्यादा गिरा पारा: इसके अलावा सिरसा में न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और पारा 14.8 डिग्री पर पहुंच गया. हिसार में न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री, करनाल में 15.5 डिग्री और नारनौल में 15 डिग्री सेल्सियस रहा. इसके अलावा फरीदाबाद में न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक था.
दिन के तापमान में भी आई गिरावट: प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में भी 1.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री, गुरुग्राम में 32.3 डिग्री और रोहतक में 32.1 डिग्री सेल्सियस रहा. कुरुक्षेत्र में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री और सोनीपत में 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
बारिश से 2-3 डिग्री और गिरेगा पारा: मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 28 और 29 अक्टूबर को संभावित बारिश के कारण दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इससे प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने की संभावना है.
