केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आगामी 1 नवंबर को चंडीगढ़ के दौरे पर पहुंचेंगे. इस दौरान वह 258 करोड़ रुपये की नौ परियोजनाओं व प्रोजेक्ट का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इसके साथ ही चंडीगढ़ पुलिस के स्थापना दिवस (रेजिंग डे) समारोह में बतौर मुख्यातिथि शामिल होंगे और चंडीगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस ध्वज से सम्मानित करेंगे. इन परियोजनाओं में स्मार्ट सिटी चंडीगढ़ के गांव सारंगपुर में बनाया गया नया राजकीय हाई स्कूल भी शामिल है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस नए हाई स्कूल का उद्घाटन भी करेंगे. इस स्कूल के संचालन से आसपास के गांवों के हजारों स्कूली छात्रों को लाभ मिलेगा.
चार मंजिला स्कूल से डबल शिफ्ट खत्म: इस चार मंजिला नए हाई स्कूल की शुरूआत से गांव सांरगपुर समेत गांव खुड्डा लौहरा और गांव खुड्डा जस्सु के हजारों स्कूली छात्र पूरा फायदा उठा सकेंगे. क्योंकि मौजूदा समय में इन छात्रों को डबल शिफ्टों वाले अन्य स्कूलों से शिक्षा हासिल करनी पड़ रही है. इसके अलावा कई छात्र कुछ दूरी के स्कूलों में भी पढ़ रहे हैं. लेकिन इस स्कूल के संचालन के बाद छात्रों के लिए डबल शिफ्ट में पढ़ने की समस्या खत्म हो जाएगी और सिंगल शिफ्ट (सुबह से दोपहर) तक ही पढ़ाई कर सकेंगे.
